बुधवार, अगस्त 10, 2022

आलेख :- सोनू ठाकुर..!

'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर निकली जागरूकता रैली..!
साहिबगंज/बोरियो :- 10/08/2022. इस वर्ष 15 अगस्त को 75वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहे हैं। इस दिन और साल को यादगार बनाने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से बोरियों में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडू दिलीप के नेतृत्व में जन जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने का अपील किया गया। जागरूकता रैली बोरियो बाजार, हरिजन टोला, नमस्ते रोड, बंगाली टोला, ग्वाला मोड़, आदि का भ्रमण किया। इस दौरान बीडीओ टुडू दिलीप ने कहा कि इस साल स्वतंत्रता दिवस और भी खास है। हम आजादी की 75वीं सालगिरह मनाने जा रहे हैं। जिसे यादगार बनाने के लिए भारत सरकार ने 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत 'हर घर तिरंगा' अभियान का एलान किया है। जिसमें 13 से 15 अगस्त तक देश भर में करोड़ो घरों में राष्ट्रीय झंडा 'तिरंगा' फहराने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं इसके साथ ही देश-भर में 'हर घर तिरंगा' के तहत जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। वही बोरियो थाना प्रभारी जगरनाथ पान ने कहा कि इस आजादी के अमृत महोत्सव में अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनायें। साथ ही हमारे राष्ट्र ध्वज का मान बढ़ाये। मौके पर बीपीओ स्वेता कुमारी, जयशंकर मिश्रा, पैट्रिक हांसदा, एई प्रमोद कुमार, बबलू मुर्मू, बोरियो संथाली मुखिया एरिका स्वर्ण मरांडी, जेई पवन कुमार दास, सन्नी कुमार, मृणाल कुमार, गौतम कुमार, संतोष कुमार सहित अन्य सैकड़ो लोग शामिल थे।
*********************************
बाइक रैली निकाल कर लोगो को किया जागरूक..!
साहिबगंज/बोरियो :- 10/08/2022. आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने को लेकर बुधवार को बोरियो में भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा अध्यक्ष मोहन रक्षित के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाल कर तिरंगा यात्रा करते हुए बोरियो बजार का भ्रमन किया। इस दौरान लोगो को 13 अगस्त से 15 अगस्त तक सभी को अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने का संदेश दिया। इस मौके पर अनुप दास, चंदन शर्मा, चंद्रसेखर मंडल, समीर रूज, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष शिवशंकर पंडित, विजय यादव, अजय कुमार, मधुसूदन दत्त, नरेंद्र शर्मा तापस दत्ता, मनोज रुज सहित अन्य सैकड़ो मौजूद थे।

*************************

धूम-धाम से मना विश्व आदिवासी दिवस..! 
कई दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण..!
बोरियो :- 09/08/2022. विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर प्रखंड के हरिणचारा मोड़ स्थित सिदो कान्हू के प्रतिमा पर अलग-अलग दल के नेता व कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण किया। इस दौरान बोरियो के पूर्व विधायक सह प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी ने माल्यार्पण किया। ततपश्चात उन्होंने संबोधन में कहा कि विश्व आदिवासी दिवस, आदिवासी आबादी के अधिकारों को बढ़ावा देने और उनकी सुरक्षा के लिए प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को विश्व के आदिवासी लोगों का अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है। यह घटना उन उपलब्धियों और योगदानों को भी स्वीकार करती है जो आदिवासी लोग पर्यावरण संरक्षण जैसे विश्व के मुद्दों को बेहतर बनाने के लिए करते हैं। वही विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रखंड कार्यालय परिसर, बालीडीह मैदान आदि स्थानों में आदिवासी समुदाय के लोगो के द्वारा कार्यक्रम आयोजित की गयी। आदिवासी समुदाय के लोग हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ आकर्षक भेषभूषा में इस त्यौहार को मनाया। इस मौके पर दक्षिणी भाग के जिला परिषद सदस्य सबीना किसकु, भाजपा कार्यकर्ता मरांग मरांडी, खैरवा पंचायत मुखिया बबलू मुर्मू, झामुमो नेता स्टीफ़न मुर्मू, अप्रोल पूर्व मुखिया सुरेश मरांडी, प्रो० डॉ सीताराम ठाकुर सहित अन्य मौजूद थे।

**********************

'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर भाजपा ने की बैठक..!
बोरियो :- 08/08/2022. हर घर तिरंगा, आज़ादी का अमृत महोत्सव  के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर सोमवार को भाजपा प्रखंड कमिटी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रखंड अध्यक्ष शिवशंकर पंडित ने की। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष सलखु सोरेन शामिल हुए। इस दौरान बैठक में आज़ादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम को लेकर लोगो को जागरूकता के लिए आगामी 10 अगस्त को बोरियो बाजार में बाइक रैली निकाल कर लोगो को जागरूक करने का निर्णय लिया गया। शिवशंकर पंडित ने बताया कि बाइक रैली बोरियो संथाली के इमली गाछ से सिदो कान्हू हरिणचारा मोड़ तक निकलेगी। वही 11 व 12 अगस्त को प्रभात फेरी निकाली जाएगी। वही 13, 14, 15 अगस्त को झंडा फहराया जाएगा। इस मौके पर राम बालक प्रसाद, मधुसूदन दत्ता, मोहन रक्षित, मनोज रुज, चंदन शर्मा, भुवनेश्वर तुरी, हृदयानंद साह, मनीष ठाकुर सहित अन्य मौजूद थे।

***********************

मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित।
साहिबगंज/बोरियो :- 05/08/2022. थाना परिसर में शुक्रवार को मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह सीओ टुडू दिलीप ने किया। बैठक में मुस्लिम समुदाय के द्वारा मनाये जाने वाले मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर चर्चा हुई। बैठक में सभी समुदायों के लोग शामिल हुए। मुस्लिम समुदाय के लोगो ने बताया कि बोरियो व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रो में बीते कई वर्षों से मुहर्रम पर्व नही मनाया जाता है। वही बीडीओ ने कहा कि मुहर्रम पर्व के मद्देनजर प्रशासन सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखेगी। वही अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्यवाही की जाएगी। बीडीओ ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का अफवाह फैलता है, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। वही थाना प्रभारी जगरनाथ पान ने कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक टिप्पणी या पोस्ट करने वालो से पुलिस सख्ती से निपटेगी। साथ ही बीडीओ ने कहा हर घर तिरंगा' आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में लोगों को 13 अगस्त से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की आजादी के 75 वें वर्ष को चिह्नित करने के लिए इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए एक अभियान है। उन्होंने कहा कि लोगो को हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 10 अगस्त को प्रखंड कार्यालय से जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इस मौके पर एएसआई मो० जमील, एएसआई बीरबल यादव, महिला पुलिस अवर निरीक्षक सुषमा कुमारी, झामुमो नेता स्टीफन मुर्मू, अप्रोल पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेश मरांडी, असद अजमल सहित अन्य मौजूद थे।
********************************
डाकघर के बंद रहने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी।
साहिबगंज/बोरियो :- 05/08/2022. प्रखंड क्षेत्र अर्तगत मोतीपहाड़ी पोस्ट ऑफीस महिने में एक आध बार ही खुलता है। ग्रामीण लखींदर साहा, संतोष साह आदि ने बताया कि पोस्टमास्टर रनर और पोस्टमैन गायब रहता है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों को डाक से संबंधित कार्यो को करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। डाकघर के बंद रहने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि जल्द डाकघर का नियमित संचालन नही करता है तो इसकी शिकायत जिले के उपायुक्त से करेंगे। हालांकि पोस्टमास्टर से पक्ष जानने की कोशिश की गई परंतु संपर्क नही हो सका।

***********************

सरस्वती शिशु मंदिर में मनाई गई तुलसीदास जयंती।
साहिबगंज/बोरियो :- 04/08/2022.  सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में गुरुवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के अनन्य उपासक, मानव सभ्यता को श्रीरामचरितमानस जैसी महान कृति भेंट करने वाले अद्भुत रचनाकार संत शिरोमणि महाकवि तुलसीदास की जयंती मनाई गई। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं आचार्य आचार्यावृंद ने उनके तैल्य चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन किया। वही प्रधानाचार्य उदय कुमार चौरसिया ने कहा कि कलियुग में रामचरित मानस रूपी अमृतधारा देने वाले परम पूजनीय, प्रातः स्मरणीय गोस्वामी तुलसीदास जी ने कलियुग रूपीज भवसागर से पार होने के लिए रामायण को सरल बनाकर रामचरितमानस रूपी जगह दिया है।  हम सभी को इसे सच्चे मन से प्रतिदिन पढना चाहिए। वही इस अवसर पर कक्षा द्वितीय से अष्टम तक के छात्र छात्राओं के बीच सुलेख प्रतियोगिता में राम की वीरता, श्री गणेशाय नमः, चित्रांकन प्रतियोगिता में "हंस", अशोक स्तंभ, निबंध प्रतियोगिता में "संत तुलसीदास", "तुलसी के औषधीय गुण","गौरवमयी श्री राम जन्मभूमि जैसे विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस मौके पर आचार्य मुकुल कुमार, विष्णु रक्षित, दीनानाथ प्रसाद, गौतम दत्ता,अवध बिहारी रजक, सरयू प्रसाद यादव, श्रीकांत कुमार, सुलेखा कुमारी, अलका कुमारी, सुश्री कुमारी, करुणा कुमारी सहित अन्य मौजूद थे।

*************************
वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन।
साहिबगंज/बोरियो :- 04/08/2022. शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन मे गायत्री शक्तिपीठ साहिबगंज के द्वारा गुरुवार को प्रज्ञा पीठ बोरियो के फ्रेंड्स क्लब प्रांगण में क्लब के अध्यक्ष विक्रमादित्य सेन सचिव रामबालाक प्रसाद तथा प्रज्ञा पीठ के महिला मडंल के सुबो देवी, चम्पा देवी एवं साहिबगंज शक्तिपीठ प्रतिनिधि संजीत चौधरी के द्वारा मंत्रोच्चारण कर कुल 65 पौधों का संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया गया। मौके पर विजय यादव, भुवनेश्वर तुरी, बिशाल कुमार, शिव प्रसाद, अरुण कुमार साह, संतोष कुमार, मायालाल  साह, दिनांक कुमार, अंजू  देवी, नीमता देवी सहित अन्य मौजूद थे।

*******************

सीएस ने बोरियो सीएचसी का किया अचौक निरीक्षण।
साहिबगंज/बोरियो :- 04/08/2022. सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोरियो का अचौक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को आयुष्मान भारत से मिलने वाली आवश्यक सुविधाएं जरूरतमंदों को देने का निर्देश दिया। कहा कि लोग सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास करें। मरीज अस्पताल आएं। स्वास्थ्यकर्मी हर जरूरतमंद को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने सीएचसी परिसर समेत आसपास साफ-सुथरा रखें। उन्होंने आइआरएस छिड़काव की जानकारी ली। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डा. अलीमुद्दीन अंसारी, जिला मलेरिया सलाहकार सती बाबू डावड़ा, आयुष चिकित्सक डा. विवेक भारती, डा. पंकज कुमार गुप्ता, डा. विनोद कुमार, बीपीएम विष्णु भगत, एमटीएस मनोहर पंडित, बीएएम सुमन कुमारी, गीता देवी, फहीम अहमद, एमपीडब्ल्यू बिमल ओझा सहित अन्य मौजूद थे।

*******************

भतीजे ने जीजा संग मिलकर चाचा को मारी गोली, रेफर..! 
पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर कर रही है पूछताछ..!
साहिबगंज/बोरियो :- 01/08/2022. थाना क्षेत्र अंतर्गत राझंन गांव में सोमवार की अहले सुबह गांव के छोटा गोपाल मड़ैया को राझंन पुल के समीप 3 लोगों ने गोली मार कर घायल कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही बोरियो थाना प्रभारी जगरनाथ पान सीएससी बोरिया पहुंचकर घायल 55 वर्षीय छोटा गोपाल मड़ैया से जानकारी ली। इस संबंध में घायल छोटा गोपाल मडैया ने पुलिस को बताया कि अपने ही भतीजा मिजू मडैया, बबलू मडैया तथा बरहेट थाना क्षेत्र के इलाकी गांव का रहने वाला चुन्नू मडैया ने गोलीमार दिया। तीनो युवक सभी एक ही मोटरसाइकिल में सवार होकर पहुंचकर घटना को अंजाम दिया है। उसके बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। जबकि छोटा गोपाल मडैया ने बताया कि तीनों के साथ उनकी कोई दुश्मनी नहीं थी। उसे गोली क्यों मारी है वह भी नहीं जानते हैं। घायल अवस्था में सीएचसी में इलाज के लिए पहुंचे। चिकित्सक ने बताया कि घायल छोटा गोपाल मडैया के गर्दन में गोली अटकी हुई है। जिसे देखते हुए उसे सदर अस्पताल साहिबगंज रेफर कर दिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामले को लेकर पुलिस ने दो युवकों हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इधर घटना के संबंध में जगरनाथ पान ने बताया कि मामले को लेकर छोटा गोपाल मडैया से जानकारी ली जा रही है। घटना में शामिल सभी अपराधियों को पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।

******************

आईआरएस द्वितीय चक्र किटनाशी छिड़काव का उद्घाटन..! 
साहिबगंज/बोरियो :- 01/08/2022. समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोरियो के अंतर्गत आईआरएस द्वितीय चक्र किटनाशी छिड़काव का उद्घाटन बोरियो प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडू दिलीप एवं प्रभारी चिकित्सा डॉo अलीमुदिन अंसारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बोरियो के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। विदित हो की सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोरियो के अंतर्गत 29 कलाज़ार प्रभावित और 41 मलेरिया प्रभावित गाँव में 5 दलों के द्वारा आईआरएस कीटनाशी छिड़काव किया जाना है। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा सहिया, सेविका को छिड़काव दल के साथ रह कर गुणवत्तापूर्ण छिड़काव करवाने का निर्देश दिया गया और सभी छिड़काव कर्मी को पम्प का रख रखाव, दैनिक कार्य शुरू करने से पहले पम्प का प्रवाह दर को मापने आदि का भीं निर्देश दिया गया। वही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के द्वारा कलाज़ार रोगी के घर में जा कर खुद छिड़काव करवाया। तथा डॉo विवेक भारती आयुष चिकित्सा पदाधिकारी के द्वारा उपस्थित सभी ग्रामीणों को आईआरएस छिड़काव के फायदे के बारे में बिस्तार से बताया गया तथा सभी को अपने अपने घरों के सभी कमरों में छिड़काव करवाने का निर्देश दिया गया। मौके पर बीपीएम बिष्णु कुमार भगत, एमटीएस मनोहर पंडित, केबीसी शैलेन्द्र कुमार, एमपीडब्ल्यू शशि शेखर शर्मा, मनोज कुमार, सहिया साथी प्रतिमा देवी, बीटी हांसदा सहित सेविका तथा सभी छिड़काव कर्मी उपस्थित थे।

********************

लोहरा समुदाय के लोगो का अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र हो निर्गत :- पंकज..!
10 दिनों के भीतर प्रमाण पत्र नही हुआ निर्गत, तो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे लोहरा समुदाय के लोग..!
साहिबगंज/बोरियो :- 28/07/2022. लोहरा जनजाति के अनुसूचित जनजाति की श्रेणी के होने के बाबजूद का बोरियो अंचलाधिकारी द्वारा लोहरा जनजाति के सदस्यों को अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र निर्गत नही करने को लेकर पंकज मड़ैया, पिता स्व० दीपनारायण मड़ैया, ग्राम बड़ा लोहण्डा ने उपायुक्त को पत्र लिखकर लोहरा जाति का अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने का मांग करते हुए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने का सूचना दिया है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि झारखंड राज्य अधिसूचित जनजाति की सूची में भी क्रम संख्या 21 में लोहरा जनजाति को अनुसूचित जनजाति के रूप में दर्शित किया गया है। इसके बाबजूद बोरियो अंचलाधिकारी के द्वारा लोहरा जनजाति के सदस्यों को अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र निर्गत न कर अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रमाण पत्र निर्गत किया जा  रहा है। उन्होंने कहा है कि अगले 10 दिनों के भीतर लोहरा जनजाति समुदाय के सदस्यों को अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र निर्गत करे। अन्यथा लोहरा समुदाय के सदस्य अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य हो जाएंगे।
***********************************
10 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे शिक्षक..!
साहिबगंज/बोरियो :- 28/07/2022. झारखंड राज्य वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आवाह्न पर गुरुवार को शिबू सोरेन जनजातीय इंटर महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी शैक्षणिक हड़ताल पर रहे। जिससे शिक्षण एवं कार्यालय कार्य बाधित रहा। इस दौरान प्रचार्य डॉ कुलेश ठाकुर ने बताया कि संघ 10 सूत्री मांगों को लेकर कार्यक्रम कर रही है। जिसमे मुख्यमंत्री द्वारा सदन में आश्वासन के आलोक में वित्त रहित संस्थानों के मामलों को प्रशासनिक आयोग न भेजा जाए। इंटरमीडिएट सेवा शर्त नियमावली( शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी) मंत्री परिषद को भेजा जाय। वित्त रहित शिक्षा नीति को समाप्त कर महाविद्यालय को अधिग्रहण अथवा घाटा अनुदान दिए जाने की मांग शामिल है। इस मौके पर प्रो० विवेकानंद, प्रो० राजकुमार, लिपिक तारकेश्वर साह, सुधा कुमारी सहित अन्य मौजूद थे।

**********************************

के०सी० सी वितरण मेगा कैम्प का आयोजन..!
साहिबगंज/बोरियो :- 28/07/2022. प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में गुरुवार को किसान क्रेडिट कार्ड वितरण मेगा कैम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्धघाटन बीडीओ टुडु दिलीप ने दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात किसान क्रेडिट कार्ड के लिए स्वीकृत चासगामा पंचायत के कुल 11 लाभुकों के बीच एक-एक लाख रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। बीडीओ टुडु दिलीप ने बताया कि पीएम किसान योजना के लाभुकों समेत सभी किसानों को केसीसी योजना से लाभान्वित किया जाएगा। मेगा कैम्प में केसीसी की स्वीकृति एवं वितरण का कार्य किया गया। इस मौके पर बीटीएम राजदेव सिंह, जनसेवक पार्वती सोरेन, बाबूलाल हेम्ब्रम, लालू प्रसाद साह, पीयूष हेम्ब्रम, एतवारी साह, सोनाराम सोरेन, उर्मिला देवी, गोलमा सोरेन सहित अन्य मौजूद थे।

*********************************

आई०आर०एस० छिड़काव को लेकर प्रशिक्षण आयोजित..!
साहिबगंज/बोरियो :- 28/07/2022. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सभागार मे आईआरएस द्वितीय चक्र छिड़काव का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिसमें सहिया, सहिया साथी, बिटीटी और एमपीडब्ल्यू को छिड़काव से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। जिसमे सभी सहिया को कलाज़ार, मलेरिया, फलेरिया आदि वैक्टर जनित रोग के लक्षण, उपचार, बचाव और प्रोत्साहन राशि के बारे मे विस्तार से बताया गया। बीडीओ टुडू दिलीप ने प्रशिक्षण में सभी सहिया को आईआरएस छिड़काव के दो दिन पूर्व सभी गाँव मे ग्राम सभा व घर-घर कलाज़ार का स्टीकर लगाते हुए लोगो को सुचना देने का निर्देश दिया। साथ ही कोविड वैक्सीनेशन मे प्रीकौशन डोज़ ज्यादा से ज्यादा लेने के लिए सभी सहिया को अपने-अपने गावं मे लोगों को प्रेरित करने का भीं निर्देश दिया। इस मौके बीपीएम बिष्णु कुमार भगत, लिपिक गीता देवी, बीएएम सुमन कुमारी, एमटीएस मनोहर पंडित सहित अन्य मौजूद थे।

**********************

बोरियो से सहिबगंज जा रही अंशु बस पलटी, कोई हताहत नही..!
साहिबगंज/बोरियो :- 27/07/2022. थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियो- साहिबगंज मुख्य मार्ग के बांझी समीप बोरियो से यात्री लेकर सहिबगंज जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि घटना में किसी की हताहत होने की सूचना नही है। मिली जानकारी के अनुसार बोरियो से सहिबगंज चलने वाली अंशु बस मंगलवार को सुबह यात्रियों को लेकर सहिबगंज जा रहा था। इसी क्रम में बांझी मोड़ समीप अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे बस में सवार यात्री आंशिक रूप से घायल हो गए। वही चालक दुर्घनाग्रस्त बस को छोड़ कर फरार हो गया। इधर पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुँच कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की छानबीन में जुट गई।
*********************************
पूजा कर लौट शिवभक्तों का बोलेरो पलटा, चालक की मौत..!
साहिबगंज/बोरियो :- 25/07/2022. थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियो-साहिबगंज मुख्य मार्ग के मोंगरा पुल समीप शिवगादी से पूजा कर लौट रहे शिवभक्तों का बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे चालक की मौत हो गयी व अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिंद्रा कंपनी की बोलेरो तेज़ रफ़्तार से साहिबगंज की ओर जा रहा था। इसी क्रम में मोंगरा पुल समीप तीखा मोड़ में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त गया। जिससे बोलेरो चालक मिर्जाचौकी महादेवरन निवासी 45 वर्षीय संतो मंडल, व बोलेरो में सवार 25 वर्षीय दीपिका देवी, 50वर्षीय उषा देवी, 30 वर्षीय सोनी मरांडी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज़ के लिए स्थानीय ग्रामीणों के मदद से बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जिसके बाद सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज़ के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहाँ इलाज़ के क्रम में चालक संतो मंडल की मौत हो गयी। बताया जाता है कि सभी लोग बोलेरो में सवार होकर शिवगादी से पूजा कर वापस घर मिर्जाचौकी लौट रहे थे। इधर पुलिस ने मृतक संतो मंडल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वही क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की छानबीन में जुट गई।

***************************

नाबाकिल से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल..!
बोरियो : 22/07/2022. नाबालिक से दुष्कर्म करने के आरोप में युवक के विरुद्ध मामला दर्ज कर युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरियो थाना क्षेत्र के करमभीठा ग्राम के बॉबी पहाड़िन ने बुधवार को बोरियो थाना में आवेदन देकर अपनी नाबालिक बेटी के साथ चासगामा निवासी महेश कुमार साह के विरुद्ध दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता की माँ ने आवेदन में बताया है कि उसकी नाबालिक बेटी बीते रात बुधवार को खाना खाकर घर में सो रही थी। उसी समय चासगामा निवासी महेश कुमार साह जबरन घर मे घुस कर शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने लगा उस दौरान पीड़िता शोर मचाने लगी। शोर सुनकर परिजनों ने कमरा खोला तो, देखा की महेश कुमार साह पीड़िता के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास कर रहा है। उसी दौरान परिजनों ने महेश कुमार साह को पकड़ कर ग्राम प्रधान के हवाले कर दिया था। तथा इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दिया। पुलिस ने युवक को कब्जे में लेकर थाने ले आयी। इधर थाना प्रभारी जगरनाथ पान ने बताया कि थाना कांड संख्या 176/22 दर्ज कर आरोपी महेश कुमार साहा को जेल भेज दिया गया। वही पीड़िता का मेडिकल जाँच कराया गया।

************************

बिना चालान के गिट्टी लदे दो ट्रक जब्त..!
बोरियो :- 22/07/2022. बी०डी०ओ० सह सीओ टुडु दिलीप के नेतृत्व में गुरुवार रात बोरियो बोआरीजोर मुख्य पथ पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना चालान के परिवहन कर रहे दो गिट्टी लदे वाहनों को जब्त कर लिया गया। जब्त हाइवा को थाना प्रभारी जगरनाथ पान को सुपुर्द कर दिया है। इधर थाना प्रभारी जगरनाथ पान ने बताया कि अवैध परिवहन कार्यों में संलिप्त हाइवा ट्रक संख्या डब्लूबी65सी 0361 व बीआर06सीजी 8278 को जब्त कर  उसके चालक व मालिक विरुद्ध झारखण्ड लघु खनिज समानुदान नियमावली 2004 की धारा 4/54 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज किया है।

****************************

पीएम आवास के लाभुकों के खाते से बिचौलिए ने की निकासी।
बोरियो :- प्रखंड अंतर्गत राकसो पंचायत क्षेत्र के मठियो माको गाँव में पीएम आवास के लाभुकों का बिचौलियों द्वारा राशि निकासी कर लेने का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2020-21 में गाँव के 8 लोगो के नाम पर पीएम आवास योजना स्वीकृत हुआ। स्वीकृत होने के बाद बीते वर्ष के नवंबर माह में लाभुकों के बैंक खाते में प्रथम क़िस्त चालीस हजार रुपया भुगतान कर दिया गया। जिसके बाद लाभुकों को आवास निर्माण का प्रलोभन देकर बिचौलियों द्वारा एक-एक कर कुल आठ लाभुक मदिया पहाड़िन, रूपी पहाड़िन, गुया पहाड़िन, जबरा पहाड़िया, मैसी पहाड़िन, सुंदरी पहाड़िन, मदिया पहाड़िन, धर्मी पहाड़िन के खाते से कुल करीब तीन लाख बीस हजार रुपये की निकासी कर लिया है। लाभुकों ने बताया कि बिचौलिए ने गांव जा कर फिंगरप्रिंट स्कैनर से निकासी किया है। लाभुकों के अनुसार उन्हें पीएम आवास योजना की प्रथम क़िस्त चालीस हजार रुपये निकासी कर लिया गया। लाभुकों ने बताया कि बीते वर्ष नवंबर माह में बिचौलिए द्वारा निकासी कर लिया गया था। छः माह बीत जाने के बाद भी बिचौलिए ने आवास निर्माण कार्य शुरू नही कराया है। लाभुकों ने कई बार बिचौलिए से संपर्क करने की कोशिश की परन्तु नही हो सका। लाभुकों ने बताया कि बिचौलिया हिंदी दैनिक अखबार के कथित पत्रकार अमर दास है। लाभुकों के अनुसार पूर्व में वह उसी पंचायत में मनरेगा योजनाओं का कार्य करते थे। बताया कि वह मनरेगा योजनाओं में भी बिना कार्य किये फर्जी तरीके से निकासी कर लिया है। 
कहते है बीडीओ..??
बीडीओ टुडु दिलीप ने कहा कि मामले की जानकारी नही थी। मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्यवाही की जाएगी।
*************************
पोक्सो एक्ट के आरोपी गिरफ्तार, जेल।
बोरियो: थाना कांड संख्या 104/22 के आरोपी बरहेट थाना क्षेत्र के चपडी बथान निवासी 23 वर्षीय छोटा कान्हू हांसदा उर्फ कान्हू हांसदा को बोरियो पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। थाना प्रभारी जगरनाथ पान ने बताया कि उक्त अभियुक्त के विरुद्ध थाना में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
************************
विधुत चोरी मामले में पांच के विरुद्ध मामला दर्ज।
बोरियो: कनीय विद्युत अभियंता सुरजीत उपाध्याय ने बोरियो थाना में लिखिति आवेदन देकर पांच लोगों के विरुद्ध बिजली चोरी का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया है कि विद्युत चोरी करने वाले के विरुद्ध बुधवार को छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी अभियान के दौरान बोरियो बाजार के अमजद अली, शकील अहमद, राजकुमार सेन, नीलेश कुमार रक्षित, जितेन कुमार साह को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इधर थाना प्रभारी जगरनाथ पान ने बताया कि भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


जुड़वा बहनों की रहस्यमय तरीके से मौत, सनसनी..!
साहिबगंज/बोरियो :- 19/07/2022. प्रखंड के मोतीपहाड़ी गांव में सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल पंडित की दो दिन के अंदर दो बच्चियों की मौत से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार बीते रविवार को गोपाल पंडित की पुत्री 12 वर्षीय किरण कुमारी की रहस्यमय ढंग से मौत हो गई। पुन: मंगलवार को गोपाल पंडित की दूसरी जुड़वा पुत्री कल्पना कुमारी की भी मौत हो गई। बच्चियों की कुछ ही घंटे के अंतराल पर रहस्यमय ढंग से मौत होने से लोग हैरान हैं। घटना की सूचना मिलते ही मोतीपहाड़ी पंचायत की मुखिया प्रमिला किस्कू, उनके पति सायमन ने गोपाल पंडित के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। मुखिया ने कहा कि घटना की जानकारी बीडीओ व थाना प्रभारी एवं स्वास्थ्य विभाग को दी जाएगी। ग्रामीणों ने बच्चियों की रहस्यमय ढंग से मौत की जांच की मांग की है।

*********************

मुखिया संघ के अध्यक्ष बने ताला व उपाध्यक्ष प्रमिला..!
साहिबगंज/बोरियो :- 19/07/2022. प्रखंड के खैरवा पंचायत सचिवालय में मुखिया बबलू मुर्मू के अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मुखिया संघ के प्रखंड कमिटी का गठन किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से राकसो पंचायत के मुखिया ताला हांसदा को अध्यक्ष, पोआल मुखिया तेरेसिना मरांडी को सचिव, खैरवा मुखिया बबलू मुर्मू को कोषाध्यक्ष, मोतिपहाडी-बड़ा मुखिया प्रमिला किस्कू को उपाध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया। इस दौरान अध्यक्ष ताला हांसदा ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों में विकास कार्यो पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव की सरकार समाज के अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक विकास कार्यो को पहुँचाने का कार्य करेगी। कहा कि विकास कार्यो को धरातल पर लाने के लिए सभी पंचायत के मुखिया व जनता का सहयोग अपेक्षित है। साथ ही सरकार की महत्वकांक्षी मनरेगा योजना के तहत सभी लोगो को रोजगार दिया जाएगा। इस मौके पर विशनपुर मुखिया नीरज बेसरा, बीरबल कान्दर मुखिया सुनील मुर्मू, जेटके कुम्हरजोरी मुखिया धरमी पहाड़िन, दुर्गाटोला मुखिया केशी पहाड़िन, चासगामा गोलमा सोरेन, अप्रोल मुखिया रोजी मालतो, बोरियो संथाली मुखिया एरिका सोरेन, बांझी संथाली मुखिया मयबिटी बेसरा सहित अन्य मौजूद थे।

*******************

बी०डी०ओ० ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ किया रवाना..!
साहिबगंज/बोरियो :- 17/07/2022. महिला एवं बाल विकास परियोजना के तहत एनीमिया व कुपोषण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसको लेकर शनिवार को बी०डी०ओ० टुडु दिलीप ने जागरूकता एलईडी रथ के हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता अभियान में एनीमिक महिलाओं व कुपोषित बच्चों का पहचान किया जाएगा। जागरूकता एल०ई०डी० रथ क्षेत्र में भ्रमण कर वीडियो के माध्यम से लोगो को एनीमिया व कुपोषण को लेकर जागरूक किया जाएगा। यह रथ 15 जुलाई से 20 जुलाई तक जिले भर का भ्रमण कर लोगो को जागरूक करेगी। इस मौके पर महिला पर्यवेक्षिका स्वाति कुमारी, मनरेगा लेखा सहायक प्रीतम कुमार, हल्का कर्मचारी लक्ष्मी कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

***************************

मध्यान्ह भोजन बनाने के दौरान गैस चूल्हे में लगी आग, अफरा-तफरी..!
साहिबगंज/बोरियो 16/07/2022. :- उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेलो में मध्यान्ह भोजन बनाने के दौरान रसोई घर के गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गया। जानकारी के अनुसार रसोईया के द्वारा मध्यान भोजन बनाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान गैस चुल्हा से अचानक से आग की लपटें निकलने लगी। आग की लपटें तेज़ होने के कारण रसोइया ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद गांव के युवक प्रदीप पंडित ने सूझ बूझ के साथ गैस के रेगुलेटर को बंन्द  किया। तब जाकर आग में काबू पाया गया। प्रदीप ने बताया की आग लगभग 20 मिनट तक धु-धु कर जलता रहा। विद्यालय के प्रधान शिक्षक मरांग मुर्मू ने बताया कि विद्यालय के किचन में रसोईया मध्यान भोजन बनाने के लिए आग जला रही थी। इसी दौरान आग लग गई। घटना की सूचना विभाग के बीपीओ मनीष कुमार, सीआरपी सुलतान आलम को दी गयी। सूचना मिलते ही विद्यालय पहुँच कर घटना की जानकारी ली। वही प्रधान शिक्षक को गैस चूल्हा अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही बीडीओ टुडु दिलीप ने पंचायत सचिव मोतीलाल मुर्मू को विद्यालय भेज कर वस्तुस्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया।

***************************

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की कर दी हत्या..!
आरोपी पत्नी, प्रेमी व एक अन्य गिरफ्तार, भेजा जेल..!
साहिबगंज/बोरियो :- 14/07/2022. पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर देने का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरियो पुलिस ने बथानी गाँव में खेत से शव बरामद किया है। शव का शिनाख्त पांदन गाँव निवासी 47 वर्षीय चांदू पहाड़िया के रूप में हुआ है। मृतक के बेटी सुरजी पहाड़िन के अनुसार उनके पिता चांदू पहाड़िया अपनी पत्नी रामी पहाड़िन के साथ मंगलवार को बोरियो हाट गए थे। रामी पहाड़िन देर रात एक अन्य व्यक्ति बबलू पहाड़िया के साथ घर लौटी। उसकी बेटी सुरजी पहाड़िन ने अपने पिता के बारे मे पूछी तो रामी पहाड़िन ने बताने से इनकार कर दिया। जब सुरजी पहाड़िन शोर मचाने लगी तो, रामी पहाड़िन ने बताया कि अपने प्रेमी सोमा पहाड़िया व बबलू पहाड़िया के साथ मिलकर चांदू पहाड़िया का गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को खेत मे फेक दिया। इसकी सूचना सुरजी पहाड़िन ने बोरियो पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुँच कर छानबीन करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की बेटी सुरजी पहाड़िन के अनुसार रामी पहाड़िन व सोमा पहाड़िया के बीच कई वर्षों से अवैध संबंध था। जिसको लेकर गाँव में कई बार ग्राम प्रधान के समक्ष पंचायती भी हुई थी। इधर थाना प्रभारी जगन्नाथ पान बताया कि मृतक की बेटी सुरजी पहाड़िन के फर्द बयान पर थाना कांड संख्या 166/22 दर्ज कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

**************************

छेड़खानी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज..!
साहिबगंज/बोरियो :- 14/07/2022. थाना क्षेत्र अंतर्गत बांझी संथाली की एक आदिवासी युवती ने थाना में लिखिति आवेदन देकर एक युवक के विरुद्ध छेड़खानी का मामला दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते बुधवार देर रात युवती अपने घर पर सो रही थी। इसी दौरान गाँव के ही अनिल सोरेन घर में घुस कर छेड़खानी करने लगा एवं दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जिससे युवती शोर मचाने लगी। शोर सुनकर युवती के पति जाग गए। जिसके बाद अनिल सोरेन युवती के गले से चांदी चेन छीन कर भागने लगा। तभी युवती के पति व अन्य तीन लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। जिसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी जगन्नाथ पान ने बताया कि युवक के विरुद्ध थाना कांड 167/22 दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।

****************************

( विस्तृत नीचे लिंक पर क्लिक करें..! )
https://sahibganjtoday.blogspot.com/2022/07/blog-post.html

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आलेख :- रब नवाज़ आलम نامنگار :- ربنواز عالم

साहिबगंज की बेटी सीमा सिंह को बिहार में मिला गार्गी अचीवर्स अवार्ड..! साहिबगंज :- 15/03/2024. साहिबगंज शहर की बेटी सीमा सिंह को अंतरराष्ट्री...